रिपोर्ट- निभाष मोदी!
भागलपुर के सुल्तानगंज में घटित गोलीबारी कांड के मुख्य अभियुक्त रामधनी यादव की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, अभियुक्त को घटना में प्रयुक्त हथियार व अन्य सामग्री की बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था. इसी दौरान उसने और उसके सहयोगी अज्ञात अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रामधनी यादव गंभीर रूप से घायल हो गया. साथ ही इस मुठभेड़ में तीन पुलिस कर्मी भी घायल हुए. सभी घायलों को इलाज के लिए मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने रामधनी यादव को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव एवं एसडीएम विकास कुमार अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. घायल तीनों पुलिस कर्मियों का इलाज जारी है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है.
एसएसपी ने बताया : आत्मरक्षा में हुई फायरिंग में मुख्य अभियुक्त की मौत
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने सुल्तानगंज गोलीकांड को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य अभियुक्त रामधनी यादव को घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य सामग्री की बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था. इसी दौरान उसके द्वारा और अज्ञात अपराधियों की ओर से पुलिस टीम पर फायरिंग की गई. एसएसपी ने कहा कि स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें मुख्य अभियुक्त रामधनी यादव घायल हो गया. इस घटना में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने रामधनी यादव को मृत घोषित कर दिया. उन्होंने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.



