रिपोर्ट – अमित कुमार!
पटना के पारस अस्पताल में इलाज को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। एक युवक की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। घटना के बाद अस्पताल परिसर और आसपास का इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, वहीं कई घंटों तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया।
मृतक की पहचान विशाल के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि विशाल की मौत इलाज में लापरवाही और पैसे के अभाव के कारण हुई है। उनका यह भी कहना है कि युवक को सिर में चोट लगी थी, लेकिन अस्पताल द्वारा सही इलाज नहीं किया गया। परिजनों ने यहां तक आरोप लगाया कि इलाज के दौरान bb उसकी किडनी निकाल ली गई, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
बताया जा रहा है कि क्रिकेट खेलने के दौरान दो पक्षों में मारपीट हुई थी, जिसमें विशाल के सिर पर चोट लगी थी। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की और सड़क पर शव रखकर करीब चार घंटे तक जाम लगाए रखा।
मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को नियंत्रित किया। इस पूरे मामले पर एएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) कृष्ण मुरारी ने कहा कि युवक को घायल अवस्था में भर्ती कराया गया था और इलाज के दौरान उसकी मौत हुई। परिजनों द्वारा लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं, जिसकी जांच की जाएगी।
उन्होंने बताया कि फुलवारीशरीफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस ने लोगों से कानून हाथ में न लेने और जांच पर भरोसा रखने की अपील की है।
बाइट : एएसपी कृष्ण मुरारी (लॉ एंड ऑर्डर)




