रिपोर्ट- सुमित कुमार!
-गृह क्षेत्र में सीएम सम्राट चौधरी का भव्य स्वागत, ‘मन की बात’ सुनेंगे, ढोल पहाड़ी को देंगे नई पहचान, 12.49 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अपने गृह जिला मुंगेर आगमन को लेकर पूरे तारापुर विधानसभा क्षेत्र में उत्साह चरम पर है। पहली बार मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने विधानसभा क्षेत्र में आ रहे सम्राट चौधरी के स्वागत के लिए बैजलपुर, असरगंज, तारापुर, ढोल पहाड़ी और तेलडीहा समेत विभिन्न इलाकों में भव्य तैयारियां की गई हैं। जगह-जगह स्वागत द्वार, बैनर-पोस्टर और साफ-सफाई के साथ प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:31 बजे असरगंज प्रखंड के ग्राम बैजलपुर स्थित नवनिर्मित हेलीपैड पर उतरेंगे। वहां से वे सीधे बैजलपुर काली मंदिर परिसर पहुंचेंगे, जहां 11 बजे नरेंद्र मोदी के चर्चित कार्यक्रम ‘मन की बात’ का श्रवण करेंगे। यह उनकी पुरानी परंपरा रही है कि वे हर महीने अपने क्षेत्र में ‘मन की बात’ सुनते रहे हैं, और मुख्यमंत्री बनने के बाद भी इसे जारी रखे हुए हैं। इस दौरान वे उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं भी साझा करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री 12:40 बजे ढोल पहाड़ी पहुंचेंगे, जहां लगभग 12.49 करोड़ रुपये की लागत से ईको टूरिज्म परियोजना का शिलान्यास करेंगे। यह परियोजना न केवल इस ऐतिहासिक स्थल को नई पहचान देगी, बल्कि पर्यटन के माध्यम से स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ाएगी। ढोल पहाड़ी को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रय स्थल के रूप में भी जाना जाता है, जिसे अब राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने की योजना है।
दोपहर 1:30 बजे मुख्यमंत्री सिंचाई प्रमंडल, तारापुर परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस दौरान वे आम जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे। इसके बाद उनका काफिला 3:40 बजे शक्तिपीठ तेलडीहा दुर्गास्थान पहुंचेगा, जहां वे पूजा-अर्चना करेंगे तथा निर्माणाधीन पुल और सौंदर्यीकरण योजनाओं का निरीक्षण करेंगे।
शाम 4:35 बजे मुख्यमंत्री माहपुर स्थित यज्ञ स्थल पहुंचेंगे, जहां चल रहे धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर विभिन्न प्रतिमाओं का दर्शन करेंगे। अंत में 5:05 बजे वे माहपुर हेलीपैड से पटना के लिए प्रस्थान करेंगे।
इस ऐतिहासिक दौरे को लेकर जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। विधायक कुमार प्रणय ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र आ रहे सम्राट चौधरी का यह दौरा तारापुर के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम को अपने क्षेत्र में सुनने की उनकी परंपरा क्षेत्रवासियों के साथ उनके गहरे जुड़ाव को दर्शाती है।
लोजपा के राष्ट्रीय सचिव मिथलेश कुमार सिंह ने कहा कि पूरे तारापुर में खुशी का माहौल है और लोग मुख्यमंत्री से बड़े विकास कार्यों की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी सभी वर्गों के लिए समान रूप से काम कर रहे हैं और उनका लक्ष्य पूरे बिहार का समग्र विकास है, जिसमें मुंगेर को विशेष प्राथमिकता मिलेगी।
भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष गौतम राज ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य के 11 शहरों को सैटेलाइट टाउनशिप के रूप में विकसित करने का निर्णय ऐतिहासिक है, जिसमें मुंगेर का नाम शामिल होना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे तारापुर क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।
स्थानीय नेता रोमित राज ने कहा कि सम्राट चौधरी का तारापुर से भावनात्मक जुड़ाव रहा है और अब मुख्यमंत्री बनने के बाद क्षेत्र के विकास की संभावनाएं और अधिक बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि “जब कोई अपने घर आता है, तो विकास अपने आप गति पकड़ लेता है।”
कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का यह दौरा न केवल राजनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि विकास, पर्यटन और जनसंवाद के लिहाज से भी मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है। पूरे मुंगेर जिले की नजरें इस दौरे पर टिकी हैं और लोग इसे क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत के रूप में देख रहे हैं।




