रिपोर्ट- अमित कुमार
राजधानी पटना में आपसी विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया, लेकिन इस बार पुलिस की तेज कार्रवाई ने आरोपियों को बचने का मौका नहीं दिया। पटना पुलिस ने पीरबहोर थाना क्षेत्र के फ़ाकीरबाड़ा में युवक पर हुए चाकू हमले के मामले में महज 24 घंटे के भीतर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।
23 अप्रैल 2026 को हुई इस घटना में कुछ युवकों ने आपसी कहासुनी के बाद एक युवक को निशाना बनाते हुए उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देरी किए जांच शुरू कर दी। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और त्वरित छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि घटना की जड़ आपसी विवाद था, जो धीरे-धीरे हिंसक झड़प में बदल गया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
बाइट-दीक्षा,सेंट्रल एसपी



