:- रवि शंकर अमित!
राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आज बेगूसराय जिले में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सिमरिया-1 पंचायत स्थित उनके पैतृक आवास एवं जीरोमाइल स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर पदाधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों द्वारा माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सिमरिया स्थित पैतृक आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उपविकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी, पुलिस उपाधीक्षक-2 श्री इरफान अहमद, वरीय उप समाहर्ता सुश्री पूजा कुमारी सहित अन्य पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्रकवि को नमन किया।
वहीं जीरोमाइल स्थित कार्यक्रम में उपविकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी, बरौनी रिफाइनरी के कार्यपालक निदेशक श्री सत्यप्रकाश, जिला परिषद अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र पासवान, पुलिस उपाधीक्षक-2 श्री इरफान अहमद, वरीय उप समाहर्ता सुश्री पूजा कुमारी, नगर परिषद बीहट के कार्यपालक पदाधिकारी श्री अवनीश कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
दोनों ही कार्यक्रमों में उपस्थित पदाधिकारियों ने राष्ट्रकवि दिनकर जी के साहित्यिक योगदान, राष्ट्रभक्ति एवं जनचेतना से ओत-प्रोत उनके विचारों को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि दिनकर जी की रचनाएँ आज भी समाज को प्रेरित करती हैं और उनके आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रनिर्माण में उनके बताए मार्ग पर चलने एवं उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।




