रिपोर्ट :- संतोष चौहान, सुपौल।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 20 अप्रैल को सुपौल में लगेगा सोलर मेला, इस योजना का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं को मिलेगी सरकारी सब्सिडी
सुपौल जिले में बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। विद्युत विभाग 20 अप्रैल सोमवार को डिग्री कॉलेज चौक के निकट NBPDCL विद्युत कार्यालय सुपौल में एक दिवसीय सोलर मेला आयोजित किया जाएगा। मेले में केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। मेले का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को सोलर ऊर्जा के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें बिजली बिल में राहत दिलाना है।
विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस योजना के तहत उपभोक्ता अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगवाकर बिजली खर्च में कमी ला सकते हैं और सरकार की सब्सिडी का लाभ उठा सकते हैं। मेले में विशेषज्ञों द्वारा आन द स्पॉट मार्गदर्शन दिया जाएगा। इच्छुक उपभोक्ता चाहें तो वहीं से आवेदन भी कर सकते हैं। इसके अलावा सोलर पैनल की लागत, क्षमता,चयन, रखरखाव और संभावित बचत से जुड़े सवाल भी पुछ सकते हैं।
सोलर मेले के उद्देश्य के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए विद्युत आपूर्ति प्रमंडल सुपौल के कार्यपालक अभियंता आलोक कुमार रंजन ने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से उपभोक्ता अपनी जरूरत की बिजली खुद पैदा कर सकते हैं। इससे न केवल बिजली बिल में कमी आयेगी, बल्कि अतिरिक्त बिजली ग्रिड में देकर आय का भी संधारण भी कर सकते हैं।
उन्होंने इस योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सोलर संयंत्र लगाने पर सरकार आकर्षक सब्सिडी दे रही है। एक किलोवाट क्षमता पर 30 हजार रूपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रूपये एवं तीन किलोवाट या इससे अधिक क्षमता पर 78 हजार रूपये तक का अनुदान (सब्सिडी) देने का प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगाने की दिशा में आर्थिक बोझ कम करने के लिए बैंकों के माध्यम से लगभग 7 प्रतिशत रियायती ब्याज दर पर दो लाख रुपये तक का ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इस ऋण की अदायगी शहरी क्षेत्रों में 4 से 5 वर्षों और ग्रामीण क्षेत्रों में 7 से 8 वर्षों में की जा सकती है। जिससे लोगों पर आर्थिक बोझ कम पर सकता है।
Byte :- आलोक कुमार रंजन (कार्यपालक अभियंता) विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, सुपौल।




