रिपोर्ट- संतोष चौहान!
सुपौल :- समाहरणालय, सुपौल स्थित लहटन चौधरी सभागार में सावन कुमार, जिलाधिकारी, सुपौल की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन से संबंधित जिलांतर्गत सभी बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की गई।
उक्त बैठक में विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, सुपौल एवं राघोपुर तथा जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक भी उपस्थित थे।
अभियंताओं द्वारा बताया गया कि PM Surya Ghar Muft Bijli Yojna से लाभान्वित होने के लिए इच्छुक लाभुकों द्वारा ऑनलाईन आवेदन किया जा रहा है, परन्तु बड़े पैमाने पर आवेदनों को ऋण हेतु बैंकों द्वारा अस्वीकृत किया जा रहा है। बैंकों से समन्वय करने पर उनके द्वारा अनावश्यक रूप से छोटे-छोटे कारणों से ऋण आवेदन में कमियाँ बताई गईं। ऋण अस्वीकृति की संख्या को देखकर जिलाधिकारी द्वारा काफी नाराजगी व्यक्त की गई। साथ ही बैंकों के प्रतिनिधि द्वारा बतायी गई अस्वीकृति के कारणों पर कड़ी आपत्ति जताई गई।
जिलाधिकारी द्वारा सभी बैंकों को सख्त हिदायत दी गई कि यह योजना सरकार की सबसे महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है, जिसकी लगातार प्रधानमंत्री कार्यालय अथवा मुख्य सचिव, बिहार द्वारा समीक्षा की जाती है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।
यह भी निर्देश दिया गया कि इच्छुक लाभुकों द्वारा किए गए आवेदनों का सत्यापन कर शीघ्र ऋण मुहैया करायेंगे। जिलाधिकारी द्वारा कार्यपालक अभियंताओं को आवेदन की संख्या बढ़ाने के लिए वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही बैंकों द्वारा ऋण आवेदन में अस्वीकृति के स्पष्ट कारणों को प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, सुपौल को इस योजना के प्रचार-प्रसार के लिए विद्युत कार्यालय, सुपौल के परिसर में दिनांक 20.04.2026 (सोमवार) को सोलर मेला एवं ऋण मेला का आयोजन कराने का निर्देश दिया गया। मेले में सभी वेंडर और बैंकों के प्रतिनिधि को आमंत्रित किया जाएगा। सभी वेंडर अपना-अपना स्टॉल लगायेंगे, जिससे PM Surya Ghar Muft Bijli Yojna से फायदे के बारे में जानकारी दी जाएगी। सभी Bank अपना-अपना स्टॉल लगायेंगे जिसमें इस योजना के लिए ऋण की जानकारी दी जाएगी। साथ ही ऋण से संबंधित सभी समस्याओं को दूर किया जाएगा।
यह योजना सभी उपभोक्ताओं के लिए अत्यंत लाभकारी है। सभी आमजन तक इस योजना की जानकारी पहुँचाना आवश्यक है।



