रिपोर्ट- सुमित कुमार!
जमुई के सांसद सह लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के बिहार प्रभारी अरुण कुमार भारती रविवार को तारापुर विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शहीद स्मारक पर पहुंचकर अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किया और उनके बलिदान को नमन किया। श्रद्धांजलि देने के बाद वे क्षेत्र भ्रमण पर निकले और विभिन्न स्थानों पर जनसंवाद स्थापित कर लोगों की समस्याएं सुनीं। बेलाडीह पंचायत में उन्होंने हाई मास्क लाइट का उद्घाटन भी किया।
शहीद स्मारक पर पत्रकारों से बातचीत में सांसद ने कहा कि क्षेत्र भ्रमण का उद्देश्य जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं से अवगत होना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को आवश्यकता पड़ने पर विधानसभा और लोकसभा में मजबूती से उठाया जाएगा। 15 फरवरी को शहीद दिवस कार्यक्रम में शामिल नहीं होने के सवाल पर उन्होंने बताया कि 13 फरवरी को लोकसभा सत्र समाप्त होने के बाद 14 व 15 फरवरी को पार्टी के दायित्वों के निर्वहन में व्यस्त रहने के कारण वे कार्यक्रम में नहीं आ सके। आज शहीद स्मारक पर आकर अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
सांसद का कार्यक्रम संग्रामपुर एवं टेटिया बंबर प्रखंड में भी निर्धारित था। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि सह जिला अध्यक्ष प्रमोद पासवान, पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मिथिलेश कुमार सिंह, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कुमार, वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर चौधरी, आईटी सेल जिला अध्यक्ष रोहित कुमार सिंह, प्रखंड अध्यक्ष जय राम मंडल सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।
बाइट-अरुण भारती जमुई सांसद




