रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
उद्यमियों की समस्याओं पर प्रशासन गंभीर, हर माह वर्कशॉप व मेंटेनेंस डे का निर्णय
औद्योगिक विकास को रफ्तार देने की पहल, बिजली–पानी–सुरक्षा पर प्रशासन का फोकस
मधुबनी जिले के औद्योगिक विकास को सुदृढ़ करने तथा उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में उद्योग संवाद का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े उद्यमियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
उद्योग संवाद में नगर आयुक्त, मधुबनी, कार्यपालक अभियंता (बिजली विभाग), मधुबनी, डीजीएम, बीआईएडीए दरभंगा, प्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रबंधक, बीआईएडीए, पंडौल, परियोजना प्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, मधुबनी सहित बीआईएडीए क्षेत्र के सभी उद्यमी उपस्थित रहे।
संवाद के दौरान उद्यमियों द्वारा मुख्य रूप से बिजली कटौती, विद्युत दरों में व्यावहारिक कठिनाइयों तथा अनियमित आपूर्ति की समस्याएं उठाई गईं। जिलाधिकारी ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कार्यपालक अभियंता, बिजली विभाग को आवश्यक एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उद्योग हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए जिलाधिकारी द्वारा यह घोषणा की गई कि प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को अपराह्न 01:00 बजे से 02:00 बजे तक विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रखी जाएगी, जिसे मेंटेनेन्स डे के रूप में मनाया जाएगा। इससे औद्योगिक इकाइयों में तकनीकी सुधार कर भविष्य में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
इसके अतिरिक्त औद्योगिक क्षेत्रों में पानी की समुचित निकासी, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, सुरक्षा गार्ड की तैनाती, अग्निशमन केंद्र की उपलब्धता सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने को लेकर जिलाधिकारी द्वारा शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक माह के द्वितीय सोमवार को उद्यमियों की समस्याओं के समाधान हेतु वर्कशॉप/सेमिनार का आयोजन किया जाए, ताकि उद्योग एवं प्रशासन के बीच समन्वय और अधिक मजबूत हो सके।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।




