संवाददाता;:- लक्ष्मण कुमार!
दरभंगा:-जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहादुरपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सीय सेवाओं, आधारभूत संरचनाओं, मानव संसाधन, दवाओं की उपलब्धता तथा विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा योजना के अंतर्गत आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया, जहां गर्भवती महिलाओं की एएनसी (एंटी नेटल केयर) जांच की जा रही थी। उन्होंने जांच प्रक्रिया, परामर्श व्यवस्था एवं प्रयोगशाला सेवाओं की स्थिति का अवलोकन किया तथा गर्भवती महिलाओं को समय पर सभी आवश्यक जांच, परामर्श एवं निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य कर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में आम जनता की स्वास्थ्य आवश्यकताओं का मुख्य आधार हैं। ऐसे में यहां आने वाले प्रत्येक रोगी के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि मरीजों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा उन्हें बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
निरीक्षण उपरांत जिला पदाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर में उपलब्ध समग्र व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने हेतु प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. तारिक मंज़र एवं स्वास्थ्य प्रबंधक रेवती रमण प्रसाद को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने दवाओं के नियमित भंडारण, स्वच्छता व्यवस्था, मरीज पंजीकरण प्रणाली तथा स्वास्थ्य योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
इसके अतिरिक्त निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में विकसित हर्बल गार्डन का भी अवलोकन किया। हर्बल गार्डन के सौंदर्यीकरण एवं रख-रखाव पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उपयोगी है, बल्कि लोगों को औषधीय एवं आयुर्वेदिक पौधों के प्रति जागरूक भी करती है। उन्होंने हर्बल गार्डन को और अधिक विकसित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अवसर पर जिला लेखा प्रबंधक बसंत कुमार झा, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक रवि रंजन, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक रेवती रमण प्रसाद, प्रखंड लेखा प्रबंधक शिव भोला शंकर, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक विजय प्रकाश, काउंसलर सौरभ कुमार, रीना कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।




