रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया!
खगड़िया। जिलाधिकारी खगड़िया के निर्देशानुसार आज दिनांक 16.01 2026 (शुक्रवार) को समाहरणालय परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर कुल 66 आवेदनों की सुनवाई की गई। विभागवार विवरण के अनुसार भूमि/जमीन से संबंधित 61 आवेदन प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त धान अधिप्राप्ति से संबंधित 01 आवेदन, वृद्ध जन से जुड़ा 01 आवेदन, शिक्षा विभाग का 01 आवेदन, जीविका से संबंधित 01 आवेदन तथा मत्स्य विभाग से जुड़ा 01 आवेदन शामिल रहा।
जिलाधिकारी महोदय ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है, जिससे आमजन को अपनी समस्याएँ सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का सशक्त एवं प्रभावी मंच उपलब्ध हो रहा है।




