रिपोर्ट: सोनू सिंह ।
नवादा: जिले के हिसुआ के कुर्मी टोला में घर के पास खड़ा एक ई-रिक्शा रविवार की रात चोरों ने चोरी कर लिया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर चोरों का सुराग मिला और ई-रिक्शा के साथ उसकी बैटरी भी बरामद कर ली गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार की रात दो चोरों ने हिसुआ नगर परिषद क्षेत्र के कुर्मी टोला निवासी टिंकू कुमार के घर के पास खड़े ई-रिक्शा को चोरी कर लिया। सीसीटीवी में स्पष्ट दिखाई दिया कि दोनों चोर ई-रिक्शा लेकर फरार हो गए।
इधर-उधर खोजबीन के दौरान ग्रामीणों को पता चला कि चोरों ने ई-रिक्शा को अर्चना गली स्थित मजार के पास खड़ा कर उसकी बैटरी निकाल ली और बैटरी को अंदर बाजार स्थित मध्य विद्यालय के शौचालय में छिपा दिया था। बाद में ई-रिक्शा और बैटरी दोनों बरामद कर लिए गए तथा चोर की पहचान भी हो गई है।
पीड़ित टिंकू कुमार ने हिसुआ थाना में लिखित आवेदन देकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की है।




