नवादा- जिला पुलिस बल के जवान अमित कुमार ने फांसी लगाकर की आत्महत्या!

SHARE:

रिपोर्ट – सोनू सिंह!

नवादा में जिला पुलिस बल के एक जवान अमित कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव नरेंद्र नगर सेक्टर ए स्थित किराए के मकान में फंदे से लटका मिला। मृतक औरंगाबाद के हसपुरा थाना क्षेत्र का निवासी था और 2021 बैच का सिपाही था।

मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें अमित ने 2 अधिकारियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। सुसाइड नोट के अनुसार, अमित को छुट्टी स्वीकृत होने के बावजूद नहीं दी जा रही थी। उसने आरोप लगाया है कि एक सप्ताह से अधिक समय से उसकी छुट्टी मंजूर थी, लेकिन अधिकारी उसे कई दिनों से परेशान कर रहे थे और उससे निजी काम भी करवाते थे।

शव कमरे में फंदे से लटका देखा

सुबह अमित के दोस्तों ने उसका शव कमरे में फंदे से लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही नवादा एसपी अभिनव धीमान, सदर एसडीपीओ हुलास कुमार, नगर थाना अध्यक्ष अविनाश कुमार और सर्किल इंस्पेक्टर सहित हिसुआ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।

मानसिक प्रताड़ना और जातिवाद के गंभीर आरोप

अमित के साथी सिपाहियों ने भी पुलिस के वरीय अधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना और जातिवाद के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अमित कई दिनों से छुट्टी के लिए अधिकारियों से अनुरोध कर रहा था, लेकिन उसे टाल दिया जा रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था।

हाल ही में अमित की शादी हुई थी

नवादा SP अभिनव धीमान ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद बताया कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में अमित की शादी हुई थी और उसकी कुछ निजी समस्याएं भी चल रही थीं। एसपी ने आश्वासन दिया कि यदि जांच में कोई अधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना से पुलिस विभाग में खलबली मच गई है और पूरे मामले की जांच नवादा पुलिस अधीक्षक द्वारा की जा रही है।
नवादा संवाददाता सोनू सिंह।

Join us on: