रिपोर्टर — राजीव कुमार झा
कमलानदी में उफान, खतरे के निशान से 30 सेमी ऊपर पहुंचा जलस्त
तटबंध के भीतर बसे गांवों में घुसा बाढ़ का पानी, लोगों मे दहशत
नेपाल के जल अधिग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण जयनगर अनुमंडल क्षेत्र की जीवनदायिनी कमलानदी उफान पर है। रविवार को नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 30 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया। जलस्तर में तेज वृद्धि से कमला तटबंध के भीतर बसे गांवों में बाढ़ का पानी फैल गया है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। प्रखंड क्षेत्र के डोड़वार पंचायत के डोड़वार, ब्रह्ममोतर, छड़की और टेढ़ा गांवों में नदी का पानी घरों और खेतों में घुस गया है। कई जगहों पर गांव के लोग अपने मवेशियों और सामानों को सुरक्षित स्थानों पर ले जा रहे हैं। स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग के अधिकारी तटबंधों की सतत निगरानी कर रहे हैं और कमजोर स्थानों पर बालू भरे बोरे रखवाए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, कमला पुल के सभी सातों फाटक खोल दिए गए हैं ताकि जल प्रवाह सुचारू रूप से बना रहे। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी किनारे न जाने की अपील की है। ग्रामीण इलाकों में बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन दल को भी अलर्ट पर रखा गया है।




