रिपोर्टर — राजीव कुमार झा!
मधुबनी, जेल से निकलने के बाद पूर्व विधायक गुलाब यादव पहली बार हजारों समर्थकों के काफिले के साथ झंझारपुर पहुंचे। संकरी झंझारपुर मार्ग में टोल टैक्स के समीप ही गुलाब यादव के स्वागत में भीड़ जुट गई और ‘गुलाब यादव जिंदाबाद’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। जगह-जगह समर्थकों ने उन्हें माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस मौके पर मीडिया से बातचीत में श्री यादव ने उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा पर बिना नाम लिए हमला बोला। उन्होंने कहा कि मेरे बाहर आने के बाद विरोधियों का नींद हराम हो गया है और अब झंझारपुर विधानसभा का चुनाव 20-20 मैच की तरह रोमांचक होगा। यादव ने दावा किया कि मेरे जेल से बाहर आने के बाद मधुबनी जिला की राजनीति का पूरा समीकरण बदल गया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही मालिक और भगवान होते हैं, और जनता हमेशा से मेरे साथ रही है। मेरी पत्नी को एमएलसी और बेटी बिंदु गुलाब यादव को जिला परिषद अध्यक्ष जनता ने ही बनाया। ऐसे परिवार को कोई नहीं डरा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि साजिश के तहत मुझे जेल भेजा गया ताकि विरोधी राजनीति में मनमानी कर सकें, लेकिन अब जनता उन्हें मुंहतोड़ जवाब देगी।
पूर्व विधायक ने समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि झंझारपुर और मधुबनी की राजनीति में एक नया मोड़ आने वाला है। जनता का विश्वास और प्यार ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।




