रिपोर्ट – सुमित कुमार!
-मुंगेर में आईटीसी के स्थायी और अस्थायी मजदूरों ने रविवार को यूनियन चुनाव कराने की माँग को लेकर आक्रोश मार्च निकाला। मजदूर नेता जयराज गौतम के नेतृत्व में निकली यह रैली आईटीसी भवन परिसर से शुरू होकर माधोपुर मार्ग होते हुए तीन नंबर गुमटी तक पहुँची। श्रमिकों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और ‘चुनाव कराओ, हक दिलाओ’, ‘मजदूर एकता जिंदाबाद’ जैसे नारे लगाए।
मजदूर नेताओं ने बताया कि आईटीसी में पिछले 14 वर्षों से यूनियन चुनाव लंबित है और कंपनी प्रबंधन इस मामले में टालमटोल कर रहा है। उनका कहना था कि श्रमिक प्रतिनिधि चुनना उनका संवैधानिक अधिकार है, जिसे दबाना अनुचित है।जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। सदर बीडीओ आर. के. राघव और राजस्व अधिकारी प्रभात कुमार को मजिस्ट्रेट के रूप में लगाया गया। पुलिस बल जुलूस के आगे-पीछे चलते हुए व्यवस्था सुनिश्चित करता रहा।मजदूर नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही चुनाव की तिथि घोषित नहीं की गई, तो आंदोलन और व्यापक और उग्र रूप ले सकता है। उनका कहना था कि आईटीसी जैसे बड़े औद्योगिक संस्थान में श्रमिकों की आवाज को दबाना गलत है। रैली का समापन आईटीसी भवन परिसर में हुआ, जहाँ नेताओं ने पुनः अपनी माँग दोहराई और कहा कि संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक चुनाव कराकर मजदूरों को उनका हक नहीं दिलाया जाता।
बाइट-जयराज गौतम मजदूर नेता




