भागलपुर से धीरज शर्मा की रिपोर्ट

भागलपुर के पुलिस जिला नवगछिया के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के कमलाकुंड गांव में पुलिस ने छापेमारी कर एक देशी बंदूक, दो देशी रायफल और छह जिंदा कारतूस के साथ एक महिला सहित दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में इस्माइलपुर के फुलकिया गांव के रूपेश कुमार और कमलाकुंड के चानो यादव उर्फ चंदू यादव की पत्नी कुमकुम देवी है. जानकारी मिली है कि रूपेश यादव का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. वह नवगछिया थाना के राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए तुलसीपुर निवासी बाले यादव हत्याकांड मामले में भी नामजद आरोपी है. नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कमलाकुंड गांव में अपराधियों का एक दल किसी बडी वारदात को अंजाम देने की मंशा से जमा हुए हैं. सूचना मिलते ही नवगछिया एसपी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में परवत्ता, नवगछिया, गोपालपुर और इस्माइलपुर थानों के पुलिस कर्मियों को मिलाकर विशेष टीम का गठन अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर किया, पुलिस को देखते ही अपराधियों में भगदड़ मच गई और अपराधी भागने लगे ,लेकिन मौके से ही पुलिस ने एक अपराधी रूपेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया. जिसके बाद जब अपराधियों के ठिकाने की तलाशी ली गई तो पुलिस ने मौके से ही बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किये. नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने कहा कि मामले को लेकर इस्माइलपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, वहीं एसपी ने गिरफ्तार अपराधीयों द्वारा पंचायत चुनाव में मतदाताओं को डराने, धमकाने या उपद्रव करने की योजना से इनकार भी नहीं किया है, अपराध पर लगाम लगाने को लेकर नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर आपके पास शराब, अवैध हथियार या अन्य जरायम धंधे की कोई भी सूचना हो तो पुलिस के साथ अवश्य शेयर करें।




