रिपोर्ट- निभाष मोदी!
बच्चों ने लखनऊ घराने की तालों, भावों और जुगलबंदी की बारीकियां सीखीं
भागलपुर: थिरकन डांस एंड फिटनेस स्टूडियो के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय कथक प्रमोशन समर कैंप का समापन उत्साहपूर्वक हुआ। इस प्रशिक्षण शिविर में शहर के कई बच्चों ने भाग लिया और शास्त्रीय नृत्य कथक की बारीकियों को सीखा। इस विशेष शिविर का संचालन जाने-माने नृत्य प्रशिक्षक निभाष मोदी ने किया, जिन्होंने बच्चों को लखनऊ घराने के कथक की विधाओं से परिचित कराया।
नृत्य प्रशिक्षक निभाष मोदी ने शिविर के दौरान बच्चों को तीन ताल, एक ताल, झप ताल, धमाल ताल और रूपक ताल जैसी विविध तालों की तकनीकें विस्तार से सिखाईं। साथ ही उन्होंने कथक में भावों की प्रधानता, पैरों की गति, और तबले के साथ जुगलबंदी की भी गहराई से जानकारी दी। विशेष रूप से उन्होंने व्रत्त में भाव, ले और लय की महत्ता पर जोर देते हुए बच्चों को नृत्य की आत्मा से जोड़ा।
इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य न केवल बच्चों को नृत्य सिखाना था, बल्कि उन्हें भारतीय शास्त्रीय कला के मूल तत्वों से भी परिचित कराना था। बच्चों ने पूरे शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रशिक्षक के निर्देशन में नए-नए नृत्य कौशल सीखे। उनकी रुचि और समर्पण ने शिविर को और भी जीवंत बना दिया।
इस आयोजन में निदेशिका अनीता, अनवर और सह प्रशिक्षक बॉबी (मिस्टर रोबो) ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई और बच्चों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
थिरकन डांस एंड फिटनेस स्टूडियो द्वारा आयोजित यह समर कैंप भागलपुर में शास्त्रीय नृत्य को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल मानी जा रही है। आयोजकों ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इस तरह के रचनात्मक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे ताकि युवाओं को भारतीय संस्कृति और परंपरा से जोड़ा जा सके।




