रिपोर्ट- सुमित कुमार
-मुंगेर जिले के धरहरा प्रखंड अंतर्गत औड़ाबगीचा-वनवर्षा मुख्य पथ पर गंगापुर शिशुआ आहार के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, औड़ाबगीचा मोहनपुर गांव के रहने वाले रवीश कुमार (25), रूपेश कुमार (20) और राजकुमार तीनों एक ही बाइक से घर से बिना परिजनों को बताए निकले थे। कुछ घंटे बाद सूचना मिली कि तीनों युवक सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े हैं। परिजन मौके पर पहुंचे और तीनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने रवीश और रूपेश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजकुमार को प्राथमिक उपचार के बाद मुंगेर सदर अस्पताल भेजा गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।ग्रामीणों ने बताया कि तीनों युवक मजदूरी का कार्य करते थे और सभी शादीशुदा थे। मृतक रूपेश की शादी एक साल पहले हुई थी और उसका तीन माह का बच्चा है। वहीं रवीश की शादी पांच साल पहले हुई थी, उसे दो बच्चे हैं। रवीश हाल ही में प्रदेश से मजदूरी कर लौटकर गांव आया था।घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि बाइक की रफ्तार अधिक थी और अनियंत्रित होकर वह बिजली के पोल से टकरा गई, जिससे यह हादसा हुआ। इस हृदयविदारक घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।घटना की जानकारी मिलते ही धरहरा थाना अध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार पाठक दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और बाइक को जब्त कर लिया। दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाइट: पुबेन्दु नारायण सिंह, ग्रामीण




