रिपोर्ट- अमित कुमार!
पटना, 2 जनवरी 2025: बिहार में बीपीएससी अभ्यर्थियों के आंदोलन को लेकर विरोध तेज हो गया है। पटना के बुद्ध स्मृति पार्क के समीप आज एआईपीएफ के नेतृत्व में नागरिक प्रतिवाद का आयोजन किया गया। बीपीएससी 70वीं परीक्षा को दोबारा आयोजित करने की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों और नागरिक समुदाय ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
प्रतिवाद मार्च में सीपीआईएमएल के विधायक दल के नेता महबूब आलम, गोपाल रविदास और संदीप सौरभ सहित अन्य नेता उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर बर्बर पुलिस दमन का आरोप लगाते हुए कहा कि यह तानाशाही रवैया अभ्यर्थियों के न्यायपूर्ण आंदोलन को दबाने की साजिश है।
सीपीआईएमएल विधायक महबूब आलम ने कहा, “सरकार अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए दमनकारी नीतियों का सहारा ले रही है। बीपीएससी की 70वीं परीक्षा में हुई गड़बड़ियों के कारण हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य खतरे में है। हमारी मांग है कि परीक्षा को दोबारा आयोजित किया जाए।”
गर्दनीबाग में बीपीएससी अभ्यर्थी पिछले कई दिनों से धरने पर बैठे हुए हैं और विपक्ष लगातार उनके समर्थन में गोलबंद हो रहा है। महबूब आलम ने कहा कि यह आंदोलन अभ्यर्थियों के हक की लड़ाई है और इसे दबाने के हर प्रयास का कड़ा जवाब दिया जाएगा।
बाइट: महबूब आलम, विधायक, सीपीआईएमएल




