रिपोर्ट- अमित कुमार
बिहार को आज नया राज्यपाल मिला। आरिफ मोहम्मद खान ने गुरुवार को पटना में आयोजित एक समारोह में बिहार के राज्यपाल पद की शपथ ली। उन्हें पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, न्यायमूर्ति के विनोद चंद्रण ने शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह राजभवन के राजेंद्र मंडप हॉल में सुबह 11 बजे आयोजित हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्य सरकार के मंत्रीगण, और अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने भाग लिया।
नवनियुक्त राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान इससे पहले केरल के राज्यपाल के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने 30 दिसंबर को पटना पहुंचकर अपने पद की जिम्मेदारी संभालने की प्रक्रिया शुरू की। वहीं, बिहार के पूर्व राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को केरल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
विशेष:
आरिफ मोहम्मद खान के कार्यकाल से बिहार में नई उम्मीदें जुड़ी हैं। राजेंद्र आर्लेकर ने 22 महीने तक बिहार के राज्यपाल के रूप में अपनी सेवाएं दीं और मंगलवार को उन्हें विदाई दी गई।




