रिपोर्टर — राजीव कुमार झा!
– मधुबनी जिले से लगने वाली इंडो नेपाल बॉर्डर पर मुस्तैद सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 48 वीं वाहिनी, जयनगर ने भारत- नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सफलता प्राप्त की। वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट हरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में सीमा चौकी पिपरौन के जवानों ने एक अभियान के दौरान 2400 बोतल नेपाल निर्मित शराब, छह साइकिल और एक तस्कर को गिरफ्तार किया करने में सफलता पाई है।
सीमा चौकी पिपरौन के जवानों ने भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 284/20 से लगभग 800 मीटर भारतीय क्षेत्र में रात्रि नाका ड्यूटी पर तैनात रहते हुए ये कार्रवाई की है। रात 1:30 बजे, कुछ संदिग्ध लोग साइकिलों पर सामान लेकर नेपाल से भारतीय क्षेत्र की ओर आते दिखाई दिए। जवानों को देखते ही तस्कर साइकिल और सामान छोड़कर भागने लगे।
एसएसबी के जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका पीछा किया। अंधेरे का फायदा उठाकर कई तस्कर फरार हो गए, लेकिन एक तस्कर को मौके पर पकड़ लिया गया। जब्त किए गए सामान की जांच में 300 एम एल की 2400 बोतल देशी नेपाल निर्मित शराब पाई गई।
गिरफ्तार तस्कर ने पूछताछ के दौरान अपना पहचान नाम श्रवण कुमार, जिला मधुबनी के रूप मे बताया। आगे की कार्रवाई करते हुए जप्त की गई शराब, साइकिले और अभियुक्त को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु हरलाखी थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।
कार्यवाहक कमांडेंट हरेन्द्र सिंह ने बताया है कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी हैं। सीमा पर सतर्कता को बढ़ाते हुए अवैध गतिविधियों पर पूर्ण नियंत्रण के लिए एसएसबी प्रतिबद्ध है।




