रिपोर्ट- शशिकांत मिश्रा
रामगढ़ चौक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, विदेशी शराब भी बरामद
लखीसराय: पुलिस को फर्जी डीआईजी बनकर परेशान करने वाले युवक को रामगढ़ चौक थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक की पहचान नदियावा गांव निवासी दिलखुश कुमार उर्फ छोटू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से दो बोतल विदेशी शराब भी बरामद की है।
थानाध्यक्ष के अनुसार, छोटू कुमार उर्फ दिलखुश पुलिस अधिकारियों को फोन कर खुद को डीआईजी बताता था और झूठी सूचनाएं देकर भ्रमित करने का प्रयास करता था। वह अवैध बालू खनन, शराब तस्करी और पशु तस्करी की फर्जी जानकारी देकर पुलिस का ध्यान भटकाने की कोशिश करता था। इससे पुलिस अधिकारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
घटना की शुरुआत तब हुई जब युवक ने शराब के नशे में थानाध्यक्ष को फोन कर खुद को डीआईजी बताया और आदेश देने लगा। संदेह होने पर थानाध्यक्ष ने उसके मोबाइल नंबर की जांच की और उसे ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान उसके पास से दो बोतल विदेशी शराब भी बरामद हुई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार युवक शराब तस्करी के धंधे में भी शामिल है और पुलिस को गुमराह कर अपने अवैध कारोबार को अंजाम देने का प्रयास करता था। वहीं, युवक ने अपनी सफाई में कहा कि उसके मोबाइल नंबर का गलत इस्तेमाल किया गया है।
फिलहाल, रामगढ़ चौक थाना पुलिस ने गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
यह घटना पुलिस विभाग के सामने फर्जीवाड़े और कानून का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सतर्कता बरतने का संकेत देती है।




