:- रवि शंकर अमित!
खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर भविष्य की दी शुभकामनाएं
खेलों से होंगे स्वप्न साकार, खेलोंं से मिलेगा यश को विस्तार : डॉ. दिलीप जायसवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल के बिहटा पहुंचने पर किया गया भव्य स्वागत
पटना, 26 दिसंबर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल आज बिहटा पहुंचे। वे यहां राज्य मध्य विद्यालय,बिहटा के मैदान में स्व. सुरेश सिंह की तृतीय पुण्यतिथि के अवसर पर बिहार एथलेटिक्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित ’35वीं बिहार स्टेट क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता- 2024′ के समापन समारोह में शामिल हुए।
समापन समारोह में उन्होंने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया और उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस क्रम में उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार और राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। बिहार में खेलों के विस्तार के लिए पंचायत तक स्टेडियम बनाने का कार्य शुरू किया गया है, जिससे खेल के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ सके।
उन्होंने जोर देकर कहा कि आज खेलों से सपने साकार होंगे और खेलोंं से यश का भी विस्तार हो सकेगा।
इस अवसर पर पूर्व सांसद रामकृपाल यादव , पूर्व विधायक रामजनम शर्मा, ऊषा विद्यार्थी, आचार्य पुरुषोत्तमाचार्य जी, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, निवर्तमान जिलाध्यक्ष आशुतोष कुमार, कार्यक्रम आयोजक क्षितिज रंजन एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इससे पहले बिहटा जाने के क्रम में बिक्रम मोड़ पर रामजनम शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल का भव्य स्वागत किया गया।
इसके उपरांत सिकरिया चौक बिक्रम में पटना ग्रामीण जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया। भाजपा अध्यक्ष ने स्नेह और सत्कार के लिए सभी लोगों को धन्यवाद दिया।
इस क्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल मीठापुर गाँव स्थित काशीधाम में काशी बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और समस्त बिहार के कल्याण के लिए प्रार्थना की।




