रिपोर्ट- संतोष कुमार चौहान!
सुपौल:- पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के जीएम छत्रसाल सिंह वार्षिक निरीक्षण के दौरान सुपौल रेलवे स्टेशन पहुंचे। जोनल अधिकारियों के साथ स्पेशल ट्रेन से पहुंचे जीएम का सबसे पहले सुपौल सांसद दिलेश्वर कामैत ने स्वागत किया।
सांसद दिलेश्वर कामैत ने राजरानी सुपरफास्ट के लिंक एक्सप्रेस के रूप में सरायगढ़ तक विस्तार और आनंद विहार दिल्ली के लिए गरिब रथ स्पेशल ट्रेन के परिचालन के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। साथ ही ट्रायल के तौर पर चल रही दोनों ट्रेनों को प्रतिदिन चलाने की मांग की। इसको लेकर जीएम ने कहा कि हमलोग भी प्रयासरत हैं कि ट्रेन का परिचालन आगे भी होता रहे। सांसद द्वारा गरिब रथ स्पेशल को आनंद विहार से ससमय सुबह 8 बजे खोलने की मांग रखी, जिससे यात्री समय से अपने गंतव्य स्थान पर पहुंच सके।
वही सुपौल – गलगलिया नई रेल लाइन पर चल रहे निर्माण कार्य के बारे में जीएम ने कहा कि इस रेल लाइन का कार्य तेजी से किया जा रहा है। 2025 तक इस रेल लाइन को पुरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2025 तक पिपरा तक ट्रेनों का परिचालन शुरू हो जाएगा।
ज्ञापन में सांसद ने सुपौल या सरायगढ़ में वाशिंग पीट बनाने की मांग की है। इसपर जीएम ने आश्वासन देते हुए कहा कि इन मांगों पर विचार किया जाएगा।
सुपौल सांसद दिलेश्वर कामैत ने विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन जीएम को सोंपते हुए कहा कि वैशाली एक्सप्रेस का परिचालन सुपौल या सरायगढ़ से करने, सहरसा पाटलिपुत्र जनहित एक्सप्रेस को सुपौल या सरायगढ़ से खोलने एवं सहरसा – अमृतसर जनसाधारण एक्सप्रेस का भी फारबिसगंज तक विस्तार करने की मांग की। सांसद ने कहा कि जनसाधारण एक्सप्रेस सहरसा में करिब 21 घंटे खड़ी रहती है। इसका प्राथमिक रख-रखाव भी अमृतसर में होता है। इसलिए इसका विस्तार फारबिसगंज तक किया जा सकता है।
इसी क्रम में व्यापार संघ सुपौल द्वारा हाटेबजारे एक्सप्रेस ट्रेन को सुपौल तक विस्तार करने, सरायगढ़ से देवघर को जानेवाली ट्रेन का परिचालन भी नियमित करने, पूर्णियां कोर्ट से हटिया जाने वाली कोशी एक्सप्रेस के लिए सरायगढ़ से एक लिंक ट्रेन देने, वंदे भारत की तर्ज पर एक सुपर फास्ट ट्रेन फारबिसगंज से सुपौल के रास्ते बनारस तक देने की मांग की गई। इस मौके पर सुपौल सांसद दिलेश्वर कामैत के अलावे जदयू जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव, व्यापार संघ सुपौल के अध्यक्ष अमर कुमार चौधरी उर्फ भगवान चौधरी, जदयू के युगल किशोर अग्रवाल, खुर्शीद आलम, चन्द्र भूषण मंडल, ओमप्रकाश यादव आदि सैकड़ों की संख्या में सुपौल के गणमान्य लोग उपस्थित थे।




