रिपोर्ट- अमित कुमार!
बड़ी खबर
पूर्णिया लोकसभा सीट से चुनाव में हारने के बाद बीमा भारती एक बार फिर से रूपौली विधानसभा उपचुनाव की तैयारी कर रही हैं। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद से मुलाकात के बाद बीमा भारती ने दावा किया कि उनके पति या बेटे को रूपौली उपचुनाव का टिकट मिल सकता है। लेकिन इसी बीच बड़ा कांड हो गया। हत्या की साजिश रचने के आरोप में बीमा भारती के बेटे राजा को गिरफ्तार करने के लिए पूर्णिया पुलिस की टीम पटना पहुंचकर बीमा भारती के आवास पर धमक पड़ी है। ऐसे में माना जा रहा है कि उपचुनाव से पहले बीमा भारती की मुश्किलें बढ़ने जा रही हैं।
दरअसल, पूर्णिया के भवानीपुर बाजार में बीते 2 जून को कारोबारी गोपाल यादुका की मर्डर मिस्ट्री को पूर्णिया पुलिस ने सुलझा लेने का दावा किया है। रूपौली से पांच बार की विधायक और पूर्णिया लोकसभा सीट से आरजेडी के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ने वाली बीमा भारती के बेटे से इस हत्याकांड का कनेक्शन जुड़ रहा है। इस मामले में गिरफ्तार किए गए अपराधियों से पूछताछ के दौरान उन्होंने पुलिस के बताया है कि बीमा भारती के बेटे राजा ने कारोबारी की हत्या करने के लिए उन्हें सुपारी दी थी। गोपाल यादुका की हत्या करने की डील पांच लाख रुपये में तय हुई थी।.




