पंकज कुमार जहानाबाद ।
रतनी फरीदपुर स्थित सेसंबा गांव के अवकाशप्राप्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की बहू श्रीमती स्वेता ने माननीय पटना उच्च न्यायालय द्वारा आहूत जिला जज प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण होकर महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। वर्तमान अधिसूचना के अनुसार इन्हे लखीसराय जिले में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर तैनात किया गया है। खगड़िया जिले के मानसी प्रखंड में रहने वाले शंकर प्रसाद और मीरा देवी की बड़ी पुत्री ने खगड़िया के साथ साथ जहानाबाद जिले का नाम रोशन किया है। पूर्व में यू पी एस सी द्वारा दिल्ली अभियोजन निदेशालय में बिहार से नियुक्त होनेवाली बिहार की पहली महिला लोक अभियोजक रही हैं, जहां अभियोजन का न्यायोचित पक्ष रखते हुए उन्होंने दिल्ली के दुर्दांत अपराधियो को सजा दिलवाने का कार्य किया है। पति ब्रजेश वर्मा जो माननीय उच्चतम न्यायालय में वरीय अधिवक्ता हैं, के द्वारा चलाए जा रहे सामाजिक लोक उत्थान के कार्यों में इनकी अप्रतिम भूमिका रही है। इनके सफलता पर ग्राम शेसम्बा सहित पूरे जहानाबाद में हर्ष का माहौल है।




