मारपीट की घटना में दो पुलिसकर्मी सहित 6 लोग जख्मी!

SHARE:

बांका से अश्वनी श्रीवास्तव की रिपोर्ट :-

खिरजान गांव में एक ही जाति के दो पक्षों के बीच मारपीट, पुलिस पर भी पथराव।

मारपीट की घटना में दो पुलिसकर्मी सहित 6 लोग जख्मी, दोनों पक्षों में तनाव कायम।

रजौन अस्पताल में इलाज के बाद गंभीर रूप से जख्मी एक पुलिसकर्मी सहित दो रेफर।

बांका : रजौन थाना क्षेत्र के खिरजान गांव में एक ही जाति के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने की खबर है। मारपीट की घटना की खबर पर पहुंची रजौन पुलिस पर भी खिरजान गांव के एक पक्ष के लोगों ने पथराव कर दिया, जिससे एक चौकीदार के अलावे एक एएसआई के भी जख्मी होने की सुचना है। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में तीन पुलिसकर्मियों के अलावे दुसरे पक्ष के बामदेव बाजार निवासी एक ही परिवार के 4 अन्य लोग भी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। इस घटना में गंभीर रूप से जख्मी एक चौकीदार सहित 2 लोगों को भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव कायम हो गया है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बामदेव बाजार निवासी महेंद्र यादव का पुत्र योग गुरु राजकुमार स्वाभिमानी रविवार की शाम खिरजान गांव अपने बकाया राशि की मांग करने पहुंचे थे। रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने पहुंचे जख्मी राजकुमार ने बताया कि करीब 3 वर्ष पूर्व वहां के तत्कालिक वार्ड सदस्य रामसेवक यादव को मदद स्वरूप दो लाख रूपया दिया था।

मोबाइल पर राशि की मांग की जाती थी, तो जान से मारने की धमकी देता रहता था। रविवार को अपने भाइयों राकेश कुमार यादव, अंगद कुमार यादव, कुणाल कुमार यादव के साथ खिरजान गांव रुपया मांगने गया था, जहां उक्त लोगों ने चारों तरफ से घेर कर लाठी डंडे से हमला बोल दिया। राजकुमार ने बताया कि इस दौरान हवाई फायरिंग भी कर दी गई। इसकी सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस पर भी खिरजान गांव के उक्त दबंगों ने हमला बोल दिया। कहा जा रहा है कि उक्त लोगों ने पुलिस पर पथराव भी कर दी, जिससे चौकीदार बजरंगी पासवान को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एएसआई उमेश कुमार सिन्हा मामूली रूप से जख्मी हुए हैं। इधर मारपीट की इस घटना में राजकुमार स्वाभिमानी उनके भाई राकेश कुमार यादव, अंगद कुमार यादव, कुणाल कुमार यादव भी जख्मी हुए हैं। घायलों का रजौन सामुदायिक केंद्र में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक मोहम्मद अमीउद्दीन ने प्राथमिक उपचार कर इनमें से दो को भागलपुर रेफर कर दिया है। इधर घटना की जानकारी पर रजौन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली है। रजौन पुलिस ने बताया कि इस घटना की प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Join us on:

Leave a Comment