यूट्यूबर मनीष समर्थक उतरे सड़क पर, लगाए आगजनी व सरकार विरोधी नारे!

SHARE:

रिपोर्ट अनमोल कुमार

दिल्ली-काठमांडू राजमार्ग पर एक घंटे तक ट्रैफिक बाधित
प्रदर्शनकारियों ने कहा-मनीष सच दिखाता है, बिहार में जंगल राज

मोतिहारी : चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप की गिरफ्तारी से आक्रोशित उसके समर्थकों ने सोमवार को जमकर हंगामा किया। इस कारण करीब एक घंटे तक दिल्ली-काठमांडू राजमार्ग पर ट्रैफिक बाधित रहा। इस दौरान मनीष के समर्थकों ने आगजनी की और सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शन में सैकड़ों युवा शामिल हुए। बता दें कि मनीष कश्यप पर तमिलनाडु में बिहारी मजदूरों के खिलाफ कथित हमले के फर्जी वीडियो शेयर करने का आरोप है। इसी मामले में गिरफ्तारी के बाद मनीष का वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वो पुलिस की गाड़ी में रोता हुआ दिखाई दे रहा था। गिरफ्तारी को लेकर पहले से ही आक्रोशित मनीष समर्थकों के बीच इस वीडियो ने आग में घी डालने का काम किया। जिससे सोमवार को भारी संख्या में मोतिहारी में युवा सड़क पर उतर आए। उन्होंने मनीष कश्यप जिंदाबाद और सरकार विरोधी नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया। उनकी मांग है कि मनीष को रिहा किया जाए। सड़क जाम कर रहे लोगों में बड़ी संख्या में युवक और किशोर उम्र के लड़के भी शामिल थे। हाथों में तख्ती लेकर सभी ने प्रदर्शन किया। तख्ती में नीतीश कुमार मुर्दाबाद, तेजस्वी यादव मुर्दाबाद और मनीष कश्यप जिंदाबाद जैसे नारे भी लिखे गए थे। लोगों ने मनीष कश्यप जिंदाबाद के नारे भी लगाए। इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी किया। प्रदर्शनकारी युवकों ने कहा कि मनीष कश्यप सच दिखाता है। बिहार में सुशासन नहीं बल्कि जंगलराज है। सही बोलने वाले को पकड़कर जेल में बंद कर दिया जा रहा है। इसके विरोध में हम लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सड़क जाम करने वाले युवकों ने कहा कि सच दिखाने वाले को जेल में बंद करना प्रदेश में जंगलराज का प्रमाण है। सच बोलने पर आज मनीष को गिरफ्तार किया गया है तो कल हमें भी किया जा सकता है।

Join us on:

Leave a Comment