रिपोर्ट अनमोल कुमार
अगर कोई भेदभाव या हिंसा कर रहा तो कठोर कार्रवाई होगी
सीएम ने वहां बिहार की जांच टीम भेजी है, रिपोर्ट मिलने पर एक्शन लेंगे
पटना : तमिलनाडु में बिहारी मजदूरों पर कथित हिंसा मामले को लेकर अब बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा है कि मामले की जांच के लिए वहां बिहार से टीम गई है। उसकी रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। किसी एक की गलती से पूरा राज्य दोषी नहीं होता है। तेजस्वी यादव ने रविवार को कहा कि विधानसभा में भी तमिलनाडु के डीजीपी के बयान को सुनाया था। इस मामले पर हमारी सरकार गंभीर है। तमिलनाडु मामले को लेकर मुख्यमंत्री ने वहां टीम भेज भी दिया है। मजदूरों के बयान को देखते हुए मामले की जांच की जा रही है। वहां अगर मजदूर डरे हुए हैं तो दो जिलों के डीएम ने कई नंबरों को जारी किया है। इन नंबरों पर संपर्क कर मजदूर अपनी बात को रख सकते हैं। उनकी मदद की जाएगी। वहीं, होली बाद तमिलनाडु जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस देश में कोई कहीं भी जा सकता है। डिप्टी सीएम ने कहा कि तमिलनाडु में अगर कोई भेद-भाव और हिंसा कर रहा है तो उस पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। यह दो राज्यों का मामला है लेकिन इसमें भारत सरकार की कोई भूमिका नहीं दिख रही है। हालांकि इसमें भारत सरकार को भी आगे आना चाहिए। हमलोग तो कार्रवाई कर ही रहे हैं। इस देश में कोई भी कहीं भी समाज को बांटने का काम करेगा तो उससे सावधान रहने की जरूरत है।




