रिपोर्ट – अमित कुमार
राजधानी पटना के बापू सभागार में स्वामी सहजानंद सरस्वती की जयंती पर आयोजित किसान मजदूर समागम को संबोधित करने के बाद देर शाम गृह मंत्री अमित शाह पटना सिटी पहुंचे। जहां गृहमंत्री अमित शाह ने तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब पहुंचकर दशमेश पिता गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के दरबार में मत्था टेका। गृहमंत्री ने देश की तरक्की और विकास को लेकर गुरु महाराज से दुआएं मांगी। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने गृह मंत्री को सिरोपा और मोमेंटो भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। गृह मंत्री ने इस दौरान गुरु महाराज से जुड़ी हुई स्मृतियों का जहां दर्शन किया, वही इस संबंध में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों से विशेष जानकारी भी प्राप्त की। सिखों की पगड़ी बांधकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने गुरु घर पहुंचे गृहमंत्री इस दौरान खासे प्रसन्न चित्त नजर आए। हालांकि इस दौरान गृहमंत्री ने मीडिया से बात करने से सीधे तौर पर इंकार कर दिया। गुरु महाराज का दर्शन करने के बाद गृह मंत्री का काफिला पटना के लिए रवाना हो गया। इस मौके पर गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पटना साहिब सांसद रविशंकर प्रसाद, पूर्व मंत्री और पटना साहिब विधायक नंदकिशोर यादव के अलावे भाजपा के कई नेता मौजूद थे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा गृह मंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। गौरतलब है कि गृह मंत्री ने आज बिहार दौरे के दौरान बाल्मीकि नगर लोकसभा क्षेत्र के लौरिया में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। वही पटना के बापू सभागार में स्वामी सहजानंद सरस्वती की जयंती पर आयोजित किसान मजदूर समागम को भी संबोधित किया है।।




