रिपोर्ट -अनमोल कुमार
जिला लोजपा अध्यक्ष का सवाल, शराबबंदी में नशे में धुत कैसे घुसा काफिले में?
वैशाली : सुरक्षा में चूक से केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस बाल-बाल बच गए।दरअसल, मंत्री के काफिले में एक साइकिल सवार घुस गया जिसे बचाने के चक्कर में काफिले की एक गाड़ी गड्ढे में लुढ़क गई। बताया जा रहा है की साइकिल सवार शराब के नशे में धुत था। मंत्री पारस एक समर्थक के घर से श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। तभी यह घटना हो गई। वैशाली लोजपा जिला अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि साइकिल सवार अगर मंत्री जी की कार के आगे घुसा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने सवाल उठाया कि शराबबंदी वाले बिहार में नशे में धुत युवक काफिले में कैसे घुस गया?
मनोज कुमार ने कहा कि मंत्री पशुपति कुमार पारस और उनकी सुरक्षा के लोग सुरक्षित हैं। लेकिन रात के अंधेरे में हुई घटना से मंत्री काफी घबरा गए।कार्यकर्ताओं ने लुढ़की कार को धक्का देकर निकाला।
पार्टी नेताओं से मिली जानकारी के मुताबिक मंत्री पशुपति कुमार पारस शनिवार को महनार में एक समर्थक के घर में श्राद्ध कर्म में गए थे। मृतक को श्रद्धांजलि देने के बाद केंद्रीय मंत्री निकलते तक अंधेरा हो चुका था। उनका लगभग 25 गाड़ियों का काफिला बढ़ता जा रहा था। बारिश होने की वजह से सड़क गीली हो गई थी। थोड़ी दूर आगे आने के बाद अचानक एक साइकिल सवार काफिले के बीच में घुस गया। युवक शराब के नशे में था। वह साइकिल लिए मंत्री की गाड़ी के पीछे काफिले में घुसा। उसके पीछे जिला अध्यक्ष मनोज कुमार की कार चल रही थी। युवक को बचाने में मनोज कुमार की कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में लुट गई। अचानक गाड़ी को गड्ढे में गया देख देख मंत्री समेत सभी लोग घबरा गए। पूरा का पूरा काफिला एक घंटे तक अंधेरे में फंसा रहा। इसी बीच युवक फरार हो गया।
वैशाली के लोजपा जिलाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा यह मंत्री की सुरक्षा में भारी चूक है। सुरक्षाकर्मियों को इसका ख्याल रखना चाहिए था कि रात में काफिले के बीच कोई नहीं आए। अगर साइकिल सवार मंत्री जी की गाड़ी के आगे आया होता तो उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो जाती और कुछ भी हो सकता था।




