पंकज कुमार जहानाबाद।
जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में जहानाबाद जिले के स्वास्थ्य सेवा सुदृढ़ीकरण एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं को बहाल करने हेतु प्रखंडवार असंतोषजनक प्रदर्शन करने वाली एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं सुपरवाइजर (आशा) की समीक्षा बैठक ग्राम प्लेक्स भवन में आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं सुपरवाइजर (आशा) को कुछ प्रदर्शन मापदंडों यथा संस्थागत प्रसव, एंटीनेटल केयर, रूटीन इम्यूनाइजेशन, ओपीडी, टीकाकरण, एनेमिया डिटेक्शन, हाइपरटेंशन डिटेक्शन, कैल्शियम का वितरण, परिवार नियोजन आदि के आधार पर वर्गीकृत किया गया है एवं 145 स्वास्थ्य केंद्रों में से 47 स्वास्थ्य केंद्रों का प्रदर्शन बेहद असंतोषजनक रहा है जिनमें मुख्यतः मखदुमपुर, काको एवं घोषी के स्वास्थ्य केंद्र सम्मिलित हैं। जिला पदाधिकारी ने एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं सुपरवाइजर (आशा) के कार्य शिथिलता एवं लक्ष्य के विरुद्ध असंतोषजनक उपलब्धि पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधार लाने की अंतिम चेतावनी दी। इसके साथ ही उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि सिविल सर्जन कार्यालय में नियंत्रण कक्ष बनाकर प्रत्येक दिन स्वास्थ्य केंद्र खोलने संबंधित प्रतिवेदन लेना सुनिश्चित करेंगे। जिला पदाधिकारी ने सभी एमओआईसी को निर्देश दिया कि प्रत्येक मंगलवार को प्रखंड स्तर पर स्वास्थ्य केंद्र के एएनएम के साथ आयोजित होने वाली समीक्षात्मक बैठक को गंभीरता से लेंगे तथा इसका सघन अनुश्रवण करेंगे। सभी एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं सुपरवाइजर (आशा) को सभी स्वास्थ्य केंद्रों को ससमय खोलने एवं ओपीडी में बढत लाने का निदेश दिया। जिला पदाधिकारी द्वारा सख्त निदेश दिया कि एंटीनेटल केयर में लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी तथा रूटीन इम्यूनाइजेशन के दौरान ही एंटीनेटल केयर को सुनिश्चित करायें। निदेश दिया गया कि स्वास्थ्य केंद्र पर कोविड टीकाकरण से संबंधित पंजी रखना सुनिश्चित करेंगे। जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि यदि किसी आशा अथवा ए एन एम के द्वारा संस्थागत प्रसव में सक्रियता नहीं दिखाई जाती है या उनके विरुद्ध गर्भवती महिला को निजी संस्थान या घर पर प्रसव कराने से संबंधित कोई शिकायत प्राप्त होती है तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही निदेश दिया कि विभिन्न मापदंडों के आधार पर आशा एवं ए.एन.एम की साप्ताहिक रैंकिंग तैयार की जाए एवं लगातार खराब प्रदर्शन करने वाले आशा एवं ए.एन.एम पर नियमानुसार कार्रवाई करना सुनिश्चित करें।




