अज्ञात स्रोतों से कमाई में भाजपा से आगे है कांग्रेस!

SHARE:

रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-

एडीआर की रिपोर्ट : कुल 15,077.97 करोड़ सभी को मिले

नई दिल्ली : देश की राजनीतिक पार्टियों को लेकर एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रीय दलों ने 2004-05 और 2020-21 के बीच अज्ञात स्रोतों से 15,077.97 करोड़ रुपये से अधिक जमा किए। इस मामले में भाजपा को पीछे छोड़कर कांग्रेस सबसे आगे है। चुनाव अधिकार निकाय- एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स के एक विश्लेषण से यह जानकारी निकल कर सामने आई है। सिर्फ वर्ष 2020-21 के लिए अज्ञात स्रोतों से राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों की कुल आय 690.67 करोड़ रुपये है।


इस विश्लेषण के लिए एडीआर ने 8 राष्ट्रीय दलों और 27 क्षेत्रीय दलों का अध्ययन किया है। राष्ट्रीय दलों में भाजपा, कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, सीपीएम, एनसीपी, बसपा, सीपीआई और नेशनल पीपुल्स पार्टी शामिल थीं। जबकि, क्षेत्रीय दलों में आम आदमी पार्टी, एजीपी, एआईडीएमके, एआईएफबी, एआईएमआईएम, एआईयूडीएफ, बीजेडी, सीपीआई, सीपीआई माले, डीएमडीके, डीएमके, जेडीएस, जदयू, झामुमो, एमएनएस, पीएमके, एनपीएफ, शिवसेना, अकाली, टीआरएस, वाईएसआर कांग्रेस समेत कई क्षेत्रीय दल शामिल हैं।
इन पार्टियों के आयकर रिटर्न (आईटीआर) और चुनाव आयोग (ईसीआई) के साथ दायर किए गए दान विवरण के आधार पर किए गए विश्लेषण में पाया गया कि वित्त वर्ष 2004-05 और 2020-21 के बीच राष्ट्रीय दलों ने अज्ञात स्रोतों से 15,077.97 करोड़ रुपये इकट्ठे किए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2020-21 के लिए 8 राष्ट्रीय दलों ने अज्ञात स्रोतों से 426.74 करोड़ रुपये की आय घोषित की है और 27 क्षेत्रीय दलों को अज्ञात स्रोतों से 263.928 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई है। वहीं, वित्त वर्ष 2020-21 के दौरान कांग्रेस ने अज्ञात स्रोतों से आय के रूप में 178.782 करोड़ रुपये की घोषणा की, जो अज्ञात स्रोतों (426.742 करोड़ रुपये) से राष्ट्रीय दलों की कुल आय का 41.89 फीसदी है। जबकि, भाजपा ने अज्ञात स्रोतों से 100.502 करोड़ रुपये की आय घोषित की, जो अज्ञात स्रोतों से राष्ट्रीय दलों की कुल आय का 23.55 फीसदी है।
वाईएसआर-कांग्रेस क्षेत्रीय दलों में सबसे आगे
अज्ञात आय के मामले में शीर्ष 5 क्षेत्रीय दलों में वाईएसआर-कांग्रेस 96.2507 करोड़ रुपये, डीएमके 80.02 करोड़ रुपये, बीजद 67 करोड़ रुपये, मनसे 5.773 करोड़ रुपये और आप 5.4 करोड़ रुपये हैं। कुल 690.67 करोड़ रुपये का 47.06 प्रतिशत इन्हीं 5 पार्टियों के नाम है।

Join us on:

Leave a Comment