पंकज कुमार जहानाबाद।
जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक संबंधित पदाधिकारियों के साथ करते हुए कई आवश्यक निदेश दिया गया।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं उसके सकारात्मक प्रतिफल पर विशेष ध्यान देने हेतु समय-समय पर विद्यार्थियों का टेस्ट के माध्यम से मूल्यांकन कर कमजोर छात्र /छात्राओं को चिन्हित करते हुए उनके लिए पठन-पाठन की आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि जिन विद्यालयों में पेयजल की अनुपलब्धता के कारण मध्याह्न भोजन संचालित नहीं किया जा रहा है, उन विद्यालयों को नल जल योजना के अंतर्गत आच्छादित करने हेतु अविलंब आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को विद्यालयों में पानी की गुणवत्ता जांच हेतु सूची तैयार कर कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को भेजने का निर्देश दिया गया। सभी विद्यालयों में मानक के अनुसार छात्र/शिक्षक के युक्तिसंगत अनुपात को सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। जिले में अवस्थित वैसे विद्यालय जहां जलस्तर कम है उसकी सूची पीएचईडी विभाग से प्राप्त कर छत वर्षा जल संचयन संरचना हेतु प्राथमिकता पर रखते हुए तथा जिन विद्यालयों में चारदीवारी नहीं है उसकी सूची तैयार कर मनरेगा से कार्य कराने हेतु उप विकास आयुक्त को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि विद्यालयों में कचरा प्रबंधन पर विशेष ध्यान रखना सुनिश्चित करेंगे एवं शौचालय की व्यवस्था को सुदृढ़ करना सुनिश्चित करेंगे। जिला पंचायत राज पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि विद्यालयों में नल जल योजना के संचालन की पंचायतवार समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नियमित रूप से उच्च विद्यालयों में निरीक्षण करना सुनिश्चित करेंगे। जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि आगामी समीक्षात्मक बैठक में एसीपी, अनुकंपा एवं सेवांत लाभ से संबंधित मामलों को भी सम्मिलित करना सुनिश्चित करेंगे।




