पंकज कुमार जहानाबाद।
जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय के निदेशानुसार उप विकास आयुक्त सह वरीय प्रभारी, नगर पालिका आम निर्वाचन, 2022 श्री पारितोष कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष मे सभी कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निदेश दिया गया।
बैठक में सर्वप्रथम कार्मिक प्रबंधन कोषांग पर समीक्षा किया गया, कोषांग के वरीय प्रभारी पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले में एक नगर परिषद और तीन नगर पंचायत में आम निर्वाचन आयोजित किया जाना है। कुल 196 मतदान केंद्र हैं, जिसके लिए पदाधिकारी एवं कर्मियों का डाटा संधारण कर लिया गया है। उप विकास आयुक्त ने निदेश दिया कि जिले में काफी पदाधिकारी एवं कर्मियों का स्थानांतरण हुआ है, इसे ध्यान में रखते हुए पुनः पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सूची प्राप्त कर डाटा अपडेट कर लें। साथ हीं निदेश दिया गया कि प्रशिक्षण हेतु स्थल का निरीक्षण कर अधिग्रहित कर लेंगे। उप विकास आयुक्त ने निदेश दिया कि मतदान दलों, गश्तीदल दंडाधिकारियों सेक्टर दंडाधिकारियों एवं जोनल दंडाधिकारियों का डाटा भी तैयार रखें।
बैठक में वज्रगृह प्रबंधन कोषांग की समीक्षा में उप विकास आयुक्त ने निदेश दिया कि अगले शनिवार को वज्रगृह हेतु स्थल का निरीक्षण कर लिया जाए। साथ ही पीठासीन पदाधिकारी/ गश्ती दल दंडाधिकारियों से सामग्री प्राप्त करने हेतु यथेष्ठ संख्या प्राप्त कर लें। साथ हीं मतपत्र प्रबंधन कोषांग को निदेश दिया गया कि प्रपत्रों एवं निर्वाचन आयोग द्वारा प्राप्त मतदान और मतगणना प्रशिक्षण का बुकलेट उपलब्ध कर उसको मुद्रित करा लें, ताकि प्रशिक्षण मे सभी को उपलब्ध कराया जा सके। साथ हीं निदेश दिया गया कि प्रशिक्षण के उपरांत पदाधिकारी एवं कर्मियों का जांच परीक्षा लिया जाएगा, ताकि मतदान के समय कोई भी परेशानी न हो। वाहन प्रबंधन कोषांग को वाहनों का आकलन करने का निदेश दिया गया। सामग्री प्रबंधन कोषांग निर्वाचन से संबंधित सामग्री वितरण के लिए पूर्व से ही आकलन कर अब्दुलबारी नगर भवन में रखने की व्यवस्था कर लें।
बैठक में उप विकास आयुक्त ने निदेश दिया कि विधि व्यवस्था संधारण हेतु सभी तैयारी प्रभारी पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर बैठक कर लें। साथ हीं अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को निदेश दिया कि निर्वाचन के घोषणा से पूर्व ही धारा 144 लगाने की तैयारी कर ले। साथ हीं निदेश दिया कि निर्वाचन घोषणा के उपरांत जहां भी बैनर/पोस्ट लगा वो नहीं हटाते है तो तुरंत संबंधित पर प्राथमिकी दर्ज करेंगे। बैठक में सिंगल विंडो को चिन्हित कर लेने का निदेश दिया गया।




