मुजफ्फरपुर के कारसेवक की बेटी का सवाल- अखिलेश यादव राम मंदिर क्यों जा रहे?भड़कीं स्मृति चौधरी!

SHARE:

रिपोर्ट:- संतोष तिवारी!

अयोध्या में 1990 के राम मंदिर आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर गोली चलाने की कार्रवाई को लेकर एक बार फिर सियासी विवाद गहरा गया है। बलिया से समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय द्वारा तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के फैसले को सही ठहराए जाने पर मुजफ्फरपुर में भी नाराजगी सामने आई है। गोलीकांड में जान गंवाने वाले कारसेवक संजय कुमार सिंह की बेटी स्मृति चौधरी ने सपा सांसद के बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे कारसेवकों के बलिदान का अपमान बताया है। उन्होंने संबंधित नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

स्मृति चौधरी ने कहा कि उनके पिता संजय कुमार सिंह महज 30 वर्ष की उम्र में 2 नवंबर 1990 को अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन के दौरान मारे गए थे। उस समय परिवार में उनकी दो छोटी बेटियां और बुजुर्ग मां थीं। पिता की मौत के सदमे से परिवार उबर भी नहीं पाया था कि कुछ ही दिनों बाद उनकी दादी का भी निधन हो गया। इसके बाद परिवार को आर्थिक और सामाजिक स्तर पर काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

स्मृति ने आरोप लगाया कि पिता की मौत के बाद परिवार को सामाजिक तानों और परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे बने कि उन्हें अपना मूल घर छोड़कर पलायन करना पड़ा। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कारसेवकों पर गोली चलाने की कार्रवाई सही थी तो समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव राम मंदिर क्यों जा रहे हैं? उन्होंने कहा कि भारत की पहचान भगवान राम से है और राम के बिना भारत की कल्पना नहीं की जा सकती। नेताओं को राम मंदिर और कारसेवकों के नाम पर राजनीति बंद करनी चाहिए।

Join us on: