रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता पांच लाख रुपए रिश्वत लेते निगरानी ने पटना से पकड़ा, घर से 6.11 लाख रुपए नकद और दस्तावेज मिले
मधुबनी पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता इंजीनियर रितेश चन्द्र सिन्हा को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने रविवार को पांच लाख रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। पटना के आशियाना स्थित रामनगरी के शिव-पार्वती गृह अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर सी-303 में रविवार को छापेमारी कर उन्हें पकड़ा गया। गिरफ्तारी के दौरान रितेश चन्द्र सिन्हा ने रिश्वत की रकम खिड़की से नीचे मैदान में फेंक दिया जिसे निगरानी टीम ने तत्काल अपने कब्जे में कर लिया।
3% के हिसाब से मांगी गई थी रिश्वत की 19.50 लाख की रकम, 6.50 करोड़ का कुल बकाया था भुगतान
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, रोहतास जिला के डेहरी निवासी अरुण कुमार सिंह ने अभियंता के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। अरुण मधुबनी पथ प्रमंडल के तहत दो सड़क निर्माण योजनाओं का काम करा रहे थे। इनमें मधुबनी-राजनगर-बाबूबरही-खुटौना पथ पर 5.78 करोड़ रुपए की लागत से 1.2 किलोमीटर सड़क और स्टेडियम चौक-महाराजगंज चौक-सूड़ी हाईस्कूल मार्ग पर 13.48 करोड़ रुपए की लागत से 2.4 किलोमीटर सड़क निर्माण शामिल है। इसमें से पहले परियोजना में 90% कार्य हुआ है जबकि दूसरी परियोजना में 25% का कार्य संपन्न हो चुका है। आरोप है कि दोनों योजनाओं के करीब 6.50 करोड़ रुपए के बकाया भुगतान के बदले अभियंता ने 3 प्रतिशत कमीशन के हिसाब से 19.50 लाख रुपए की मांग की थी। इसमें अग्रिम के तौर पर पांच लाख रुपए देने को कहा गया था।
फ्लैट से छह लाख कैश, जमीन-घर के कागजात बरामद
कार्यपालक अभियंता की गिरफ्तारी के बाद उनके फ्लैट की तलाशी ली गयी। जहां से उनके परिजनों के नाम से अर्जित की गयी संपत्ति के दस्तावेज बरामद किये गए। जबकि आवास से छह लाख एग्यारह हजार नौ सौ रुपये नगद और सोना-चांदी के आभूषण जब्त किए गए, जिनकी कीमत का आकलन किया जाना है। साथ ही शेयर और एलआईसी में निवेश एवं सात बैंक खातों के दस्तावेज, जमीन-फ्लैट के कागजात, लॉकर की चाभी भी बरामद की गई है।
12 बैंक खातों में ₹52.92 लाख जमा, 16 गहनों के खरीद की रसीद जब्त
अभियंता के 12 बैंक खातों में ₹52.92 लाख जमा मिले हैं। इन खातों को तत्काल फ्रीज कर दिया गया है। साथ ही चिन्हित बैंक लॉकर के संचालन पर रोक लगा दी गयी है। पटना में ₹9.02 लाख की जमीन की रजिस्ट्री, 20 जून 2022 के सेल डीड के कागज, पत्नी शिखा अनुग्रह के नाम से अणु आनंद कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड में 5.4 लाख रुपए एवं ₹1.01 रुपए के निवेश के कागजात और नौ बीमा पॉलिसी भी मिली है। तलाशी के दौरान जब्त सोना और चांदी के बरामद जेवरात का मूल्यांकन कोर्ट के अनुमति के बाद किया जाएगा। बरामद जेवरों के अतिरिक्त गहनों के खरीदारी की रसीद बरामद और जब्त हुई है। जिसकी कीमत ₹16.19 लाख रुपए आंकी गई है। अभियंता के नाम से एक स्कूटी भी बरामद की गई इसकी कीमत ₹52,874 रुपए है।
कार्यालय बंद, विभागीय कर्मियों में रही बेचैनी
सोमवार को मधुबनी स्थित पथ निर्माण विभाग का कार्यालय बंद रहा। अभियंता की गिरफ्तारी को लेकर विभागीय कार्यालय में दिनभर चर्चा होती रही। वहां मौजूद अधिकारियों ने मामले पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। कार्रवाई के बाद विभागीय कर्मियों के बीच बेचैनी और भय का माहौल रहा। इधर, निगरानी ब्यूरो के अनुसार, गिरफ्तार अभियंता को विशेष निगरानी न्यायालय, पटना में पेश किया जाएगा।



