रिपोर्ट :- संतोष तिवारी!
मुजफ्फरपुर: जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बरुआरी चौहान चौक के समीप NH-27 पर सोमवार की देर रात करीब 9 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। गलत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन ने सामने से एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार करीब 7 से 8 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए. दुर्घटना में दो लोगो की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिसे एसकेएमसीएच अस्पताल रेफर किया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो में सवार सभी लोग गरहां थाना क्षेत्र के धनसी नरमा गांव के निवासी थे। सभी सिमरी थाना क्षेत्र के बस्तवारा गांव में अपने रिश्तेदार से मुलाकात कर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान बरुआरी चौहान चौक के समीप गलत दिशा से आ रही अनियंत्रित पिकअप वैन ने ऑटो को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही बेनीबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए गायघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH), मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया।



