रिपोर्ट – कुमार रवि!
रोहतास जिले के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनारसिया गांव में एक निजी अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत के बाद हड़कंप मच गया। 20 वर्षीय प्रसूता निर्मला कुमारी और उसके नवजात की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
मृतका की पहचान बनारसिया गांव निवासी निर्मला कुमारी (20), पति विकास कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रसव के लिए उन्हें स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां प्रसव के दौरान ही जच्चा और बच्चा दोनों की मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और परिजन मुआवजे की मांग करते हुए घटना के बाद भाग खड़े हुए चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क को जाम कर दिया।
सड़क जाम होने से कई घंटे तक आवागमन बाधित रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
हंगामे और तनाव की सूचना मिलते ही सासाराम नगर एवं मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया और जाम हटवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल पाएगा।



