पूर्व कस्टम अधिकारी के घर पर ही गोलियों से छलनी कर अपराधियों की हत्या!

SHARE:

रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय!

आरा। भोजपुर जिले के आरा शहर में अपराधियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। नवादा थाना क्षेत्र के जैन कॉलेज के समीप स्थित घर के गेट पर ही हथियारबंद अपराधियों ने पूर्व कस्टम अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी। उन्हें काफी करीब से आठ गोलियां मारी गईं। गंभीर हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाने के दौरान उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान बिहिया थाना क्षेत्र के लहंग डुमरिया गांव निवासी स्वर्गीय हरवंश सिंह के 70 वर्षीय पुत्र राम कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह पूर्व कस्टम अधिकारी थे। वर्तमान में वह नवादा थाना क्षेत्र के कनकपुरी मोहल्ले में अपना मकान बनाकर पिछले करीब 12 वर्षों से रह रहे थे।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस, एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार, नवादा थानाध्यक्ष कुमार रजनीकांत और डीआईयू की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से कई तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए हैं।

वहीं, पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। हत्या के पीछे के कारणों और वारदात में शामिल अपराधियों को लेकर पुलिस जांच में जुटी है।

कई सामाजिक संगठनों से जुड़े थे राम कुमार सिंह

राम कुमार सिंह सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय थे। वह क्षेत्रीय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष थे। इसके अलावा नगर रामलीला समिति ट्रस्ट के ट्रस्टी और सनातनी गंगा फाउंडेशन, भोजपुर की कार्यकारिणी के सदस्य भी थे। वह रेड क्रॉस और रोटरी क्लब से भी जुड़े हुए थे।

शहर के बीचोंबीच हुई इस वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Join us on: