नवादा / सोनू सिंह ।
नवादा: काशीचक थाना क्षेत्र में लापता हुए 55 वर्षीय व्यक्ति का शव गुरुवार सुबह बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भरत चौधरी (55), पिता स्व. विषुणदेव चौधरी के रूप में हुई है। वह राजमिस्त्री का काम करते थे।
परिजनों के अनुसार, भरत चौधरी 7 अक्टूबर की शाम करीब 3 बजे खेत पटाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रात करीब 10 बजे काशीचक थाना पहुंचकर उनके लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई। वहीं, पुलिस के अनुसार वादी द्वारा पति के अपहरण के संबंध में लिखित आवेदन दिए जाने पर काशीचक थाना कांड संख्या-135/26, दिनांक 07.10.2026 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भरत चौधरी की सकुशल बरामदगी के लिए तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार कार्रवाई शुरू की।
इसी दौरान 8 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे पुलिस को सूचना मिली कि काशीचक थाना क्षेत्र के बिचली आहर स्थित ग्राम भट्ठा के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। परिजनों ने शव की पहचान भरत चौधरी के रूप में की।
घटनास्थल पर FSL टीम ने वैज्ञानिक तरीके से जांच कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। वहीं, SDPO पकरीबरावां ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, नवादा भेज दिया है।
काशीचक थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि परिजनों के अनुसार भरत चौधरी खेत पटाने के लिए घर से निकले थे और फिर वापस नहीं लौटे। उनके लापता होने की सूचना 7 अक्टूबर की रात थाना में दी गई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस पूरे मामले में सभी संभावित बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मामले में अग्रतर अनुसंधान जारी है।



