नवादा- लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी का खुलासा,साइबर बदमाश धराया!

SHARE:

नवादा / सोनू सिंह ।

नवादा में लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी का खुलासा, 3 मोबाइल के साथ 18 वर्षीय युवक गिरफ्तार, मैनेजर तो कभी कंपनी का अन्य कर्मचारी बनकर बात करते थे।

नवादा: लोन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के नारोमुरार गांव स्थित पुल के पास की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने 18 वर्षीय युवक को तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन के साथ पकड़ा।

पुलिस अधीक्षक, नवादा के निर्देश पर 8 अक्टूबर 2026 को साइबर अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज सैनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में थाना के पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बल को शामिल किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने नारोमुरार गांव स्थित पुल के पास छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया।

लोन दिलाने का झांसा देकर करते थे ठगी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के माफी गांव निवासी दिनेश कुमार महतो उर्फ दिनेश महतो के पुत्र अंकित कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान सामने आया कि साइबर ठग धनी फाइनेंस, बजाज फाइनेंस, रिलायंस फाइनेंस सहित अन्य कंपनियों के नाम पर ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देते थे। इसके लिए वे ग्राहकों का डेटा और फेसबुक से मोबाइल नंबर प्राप्त कर लोगों को फोन करते थे। लोगों का विश्वास जीतने के लिए कभी बैंक मैनेजर तो कभी कंपनी का अन्य कर्मचारी बनकर बात करते थे।

जब कोई व्यक्ति उनके झांसे में आ जाता था, तो उससे लोन देने की प्रक्रिया के नाम पर आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटो और ई-मेल आईडी जैसी निजी जानकारियां मांगी जाती थीं। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस के नाम पर रुपये की मांग कर ठगी की जाती थी। पुलिस के अनुसार, इस तरीके से कई लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा चुका है।

मामला दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी

इस मामले में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 719/26, दिनांक 08 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं 66, 66बी, 66सी और 66डी के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

छापेमारी दल में वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार सैनी, पुलिस अवर निरीक्षक कुमारी शशिकला सिन्हा और प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार राय शामिल थे।

पुलिस ने गिरफ्तार युवक के पास से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

Join us on:

और पढ़ें