बाढ़- पिकप ने बाइक सवार को कुचला,दो युवक की मौके पर ही मौत, NH और स्टेट हाइवे जाम कर हँगामा!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित/गोविंद कुमार!

पटना जिला के बाढ़ थाना अंतर्गत नदावां गांव के समीप एनएच-30ए फोरलेन पर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बेढ़ना के पास बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन और एनएच-30ए को करीब एक घंटे तक जाम रखा, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, नदावां गांव निवासी हरेराम सिंह का 19 वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार और संजय सिंह का 20 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार अपनी मोटरसाइकिल से बाढ़ से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान फोरलेन पर स्थित विद्युत पावर ग्रिड के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए, जबकि घटना के बाद पिकअप वाहन का चालक अपने वाहन के साथ मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद पीयूष कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल विशाल कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। हालांकि, एंबुलेंस से पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही विशाल ने भी दम तोड़ दिया। एक ही गांव के दो युवकों की अचानक मौत की खबर मिलते ही नदावां गांव में मातम छा गया और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
घटना से उग्र ग्रामीणों और परिजनों ने शव को फोरलेन अंडरपास में रखकर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया और यातायात पूरी तरह ठप कर दिया। सड़क जाम की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामकृष्ण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ मौजूद अंचलाधिकारी ने पीड़ित परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत पारिवारिक लाभ योजना की राशि शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समझाने-बुझाने के करीब एक घंटे बाद आक्रोशित लोग शांत हुए और फोरलेन पर फिर से यातायात सुचारू हो सका। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी।

Byte – स्थानीय व परिजन

Join us on: