रिपोर्ट – रवि शंकर कुमार!
शेखपुरा। शनिवार की शाम पचना गांव में तीन अज्ञात बदमाशों ने सीएसपी संचालक के साथ मारपीट कर 1.62 लाख रुपये समेत टैब और मोबाइल लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल से सिर पर वार कर उन्हें घायल कर दिया। इसी दौरान ग्रामीणों के पहुंचने पर बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की और बाइक से लखीसराय की ओर फरार हो गए फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। घायल सीएसपी संचालक की पहचान पचना गांव निवासी स्व. कामेश्वर मालाकार के 56 वर्षीय पुत्र बृजनंदन मालाकार के रूप में हुई है। परिजनों ने उन्हें खून से लथपथ हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया। बृजनंदन मालाकार ने बताया कि वह सीएसपी बंद कर रुपये से भरा बैग लेकर घर लौट रहे थे। पचना हाईस्कूल के गेट के समीप पहले से घात लगाए दो बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया और बैग छीनने लगे विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल से सिर पर वार कर घायल कर दिया और रुपये लूट लिए। शोर सुनकर कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो बदमाशों ने पिस्टल से तीन राउंड फायरिंग कर दी। इससे ग्रामीण डरकर भाग गए। तीसरा बदमाश सड़क पर बाइक लेकर खड़ा था। तीनों उसी बाइक से लखीसराय की ओर फरार हो गए घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एएसपी डॉ. राकेश ने बताया कि सीएसपी संचालक से लूटपाट और फायरिंग की सूचना मिली है। सीमावर्ती इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।



