रिपोर्ट- प्रमोद/सारण
एकमा में खूनी चाकूबाजी से सनसनी, एक एक कर तीन की मौत; अस्पताल में भी दोबारा चाकू चलने की चर्चा
छपरा से पंकज श्रीवास्तव की रिपोर्ट।
सारण के एकमा थाना क्षेत्र के परसा परसागढ़ गांव से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। चाकूबाजी की एक हिंसक घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया है। वारदात में घायल हुए लोगों में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।उसे पटना रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान छपरा के काशी बाजार निवासी अंकुर पटेल उर्फ धोनी, एकमा के जिरतपुर पचुआ निवासी मुकेश कुमार, पिता ध्रुप यादव, और रमेश यादव, पिता विजय यादव के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि चाकूबाजी की पहली घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए एकमा स्थित डॉक्टर एस कुमार के निजी अस्पताल में लाया गया था। इसी दौरान अस्पताल परिसर में दोबारा चाकूबाजी होने की बात सामने आई है। इसके बाद स्थिति और गंभीर हो गई।
इलाज के दौरान अंकुर पटेल उर्फ धोनी की मौत एकमा के निजी नर्सिंग होम में हो गई, जबकि मुकेश कुमार और रमेश यादव को बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।
वहीं, इस घटना में घायल विवेक कुमार, पिता बिनोद कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, छपरा के काशी बाजार निवासी अंकुर पटेल उर्फ धोनी अपने मामा के घर परसा परसागढ़ आया हुआ था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
इस मामले में सदर एसडीपीओ-2 ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना आपसी रंजिश से जुड़ी हुई प्रतीत हो रही है। हालांकि, पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।
फिलहाल पुलिस विवाद की असली वजह, चाकूबाजी में शामिल लोगों और घटना के पूरे क्रम की जानकारी जुटाने में लगी है।
परसा परसागढ़ में हुई इस वारदात के बाद तीन मौतों से इलाके में दहशत का माहौल है। अब पुलिस की जांच से ही साफ होगा कि आखिर इस खूनी विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और इस घटना के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे।



