भीषण हादसे में स्कूल जा रही छात्रा की मौत,आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम, हँगामा!

SHARE:

रिपोर्ट – पियूष कुमार!

मोहनिया-आरा मुख्य मार्ग को पिछले दो घंटे से किया जाम,कई एंबुलेंस,यात्री और मालवाहक वाहन फंसे

मोहनिया थाना क्षेत्र के सिलौंधा मोड़ के पास सुबह लगभग 9:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कैथियां गांव की रहने वाली 12 वर्षीय खुशी कुमारी,जो उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय कटरा कलां में 9वीं कक्षा की छात्रा थी, रोज की तरह साइकिल से स्कूल जा रही थी। इसी दौरान गिट्टी लदे एक अनियंत्रित डंपर ने उसे रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर सड़क पर ही पलट गया और चालक फरार हो गया, जबकि छात्रा का शव सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे और सुरक्षा की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। इससे सड़क के दोनों ओर गाड़ियों और एम्बुलेंस की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही मोहनिया थाना प्रभारी आलोक कुमार और प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहनिया और कुदरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।

मौके पर पहुंचीं कुदरा प्रखंड विकास पदाधिकारी शांभवी श्रीवास्तव ने बताया, “सड़क हादसे में बच्ची की मौत के बाद ग्रामीण और परिजन अनुदान राशि की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। प्रशासन की ओर से नियमानुसार 20 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक तत्काल प्रभाव से मृतका के पिता को हस्तगत करा दिया गया है। लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया गया है।”

प्रशासनिक आश्वासन और त्वरित आर्थिक सहायता मिलने के बाद ग्रामीणों ने दो घंटे बाद जाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Join us on: