रिपोर्ट – अमित कुमार!
विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश साहनी का बड़ा बयान।
बिहार की सियासत से आज एक बड़ा और बेहद विवादित बयान सामने आया है। विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी ने देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर ऐसा बयान दिया है जिसने सियासी पारा बढ़ा दिया है।
पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए मुकेश सहनी ने चुनाव आयोग को बीजेपी का आयोग बताते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार देश के संविधान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं और उन्हें शर्म करनी चाहिए। इसी दौरान उन्होंने कहा कि अगर उन्हें एक खून माफ होता तो सबसे पहले वह ज्ञानेश कुमार को गोली मार देते, लेकिन वह संविधान को मानने वाले लोग हैं। सहनी ने आगे कहा कि ये लोग आने वाले समय में छूटेंगे नहीं, 2029 में राहुल गांधी के नेतृत्व में सरकार बनेगी और जेल जाने वाले पहले व्यक्ति यही होंगे। इसके साथ ही उन्होंने SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर आरोप लगाया कि बंगाल में 27 लाख वोट काटकर सरकार बनाई गई और बिहार में आचार संहिता के बीच दस-दस हजार रुपए खाते में डालकर चुनाव को प्रभावित किया गया। उनके इस बयान के बाद बीजेपी, जेडीयू और एनडीए के नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है और इसे लोकतंत्र के खिलाफ बताया है।



