रिपोर्ट – मनोज कुमार!
बेतिया में भीषण सड़क हादसा, पांच लोगों की मौत, आधा दर्जन घायल
पश्चिमी चंपारण के बेतिया में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना लौरिया थाना क्षेत्र के बनकटवा गांव की है, जहां सड़क किनारे आयोजित छठियार कार्यक्रम के दौरान तेज रफ्तार बस ने लोगों को कुचल दिया।
बनकटवा में देवेंद्र दुबे के घर बेटे के जन्म के बाद छठियार कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में आर्केस्ट्रा का भी आयोजन था। इसी दौरान सड़क से गुजर रही एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदते हुए निकल गई। हादसा इतना भीषण था कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में संजय कुमार, छांगुर राम, राकेश कुमार दुबे, देवेंद्र दुबे और बहादुर महतो शामिल हैं। बताया जा रहा है कि जिस देवेंद्र दुबे के घर बच्चे के जन्म पर छठियार का आयोजन किया गया था, उनकी भी इस हादसे में मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में खुशी का माहौल पलभर में मातम में बदल गया।
हादसे में घायल करीब आधा दर्जन लोगों को इलाज के लिए बेतिया स्थित जीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही लौरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच अस्पताल भेज दिया है। हादसे के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।



