रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधुबनी जिले से लगने वाली भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल जयनगर ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सीमावर्ती इलाकों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान एसएसबी ने चार अलग- अलग जगहों पर किए गए कार्रवाइयों में कुल 309 लीटर नेपाल निर्मित शराब जब्त की है। साथ ही, कार्रवाई के दौरान चार तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। जबकि तस्करी में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल और तीन साइकिलें भी जब्त की गईं है। एसएसबी की ‘जी’ कंपनी जानकीनगर ने बेला टोल (बासोपट्टी) के पास एक लावारिस पैशनप्रो बाइक से 27 लीटर शराब बरामद की। तो वहीं, दूसरी सफलता ‘एफ’ कंपनी कमला की नाका पार्टी ने अकौन्हा गांव के समीप 31.5 लीटर नेपाल निर्मित सोफी शराब के साथ दो तस्करों को दबोचा है। तीसरी बड़ी सफलता ‘डी’ कंपनी अखराघाट को मिली है, जहां जवानों ने नदी पार कर शराब ला रहे गिरोह को खदेड़कर एक तस्कर को पकड़ा और मौके से 216 लीटर शराब तथा तीन साइकिलें जब्त की है। चौथी कार्रवाई में ‘ए’ कंपनी माधवपुर ने बाइक मे बनाए गए जुगाड़ू विशेष स्टील टंकी से 34.5 लीटर शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों और जब्त सामानो एवं शराब को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु संबंधित थाना— बासोपट्टी, देवधा, साहरघाट तथा मधवापुर पुलिस को सौंप दिया गया है। बता दें कि एसएसबी के जवानों की सजगता व त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कमांडेंट राजेन्द्र कुमार ने कहा है कि सीमा सुरक्षा और अवैध तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना बल की पहली प्राथमिकता मे है। आगे भी इस तरह के अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।



